नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों में कीमती धातुओं में कमजोरी की वजह से गुरुवार को भारतीय वायदा बाजार में सोने और चांदी के भावों में गिरावट देखी गई। भारतीय वायदा बाजार और अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी एक फीसदी से ज्यादा टूट गई। भारतीय बाजार में गुरुवार को सोने का भाव कमजोरी के साथ खुला है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का भाव शुरुआती कारोबार में 0.57 फीसदी टूट गया है, वहीं चांदी एमसीएक्स पर 1.22 फीसदी कमजोर हुई है। वायदा बाजार में 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 286 रुपए टूटकर 50,320 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। सोने का भाव 50,500 रुपए प्रति दस ग्राम पर खुला था। खुलने के बाद एक बार यह 50,280 रुपए तक चला गया। लेकिन थोड़ी देर बाद यह कुछ संभला और 50,320 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। बुधवार को सोने का वायदा भाव 0.26 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ था। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी में बड़ी गिरावट आई है। चांदी 716 रुपए गिरकर 58,074 रुपए पर आ गई है। चांदी का भाव 58,441 रुपए पर खुला था। एक बार भाव 57,853 रुपए तक चला गया लेकिन बाद में भाव में थोड़ा सा सुधार हुआ और 58,074 रुपए हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी के भाव में दबाव देखा जा रहा है। सोने का हाजिर भाव 0.62 फीसदी लुढ़ककर 1,636.68 डॉलर प्रति औंस हो गया है। वहीं चांदी का भाव भी 1.61 फीसदी टूटकर 19.32 डॉलर प्रति औंस हो गया है।