धर्मशाला। हिमाचल कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता पूर्व विधायक संजय रतन ने आज यहां कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में आमजन के हितों की रक्षा हेतु जनविरोधी मोदी सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी और इसके लिए देश के करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता कोई भी कुर्बानी देने के लिए कृतसंकल्प हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के आगे कांग्रेस कभी नहीं झुकेगी। देश की जनता अब भाजपा की जुमलेवाजी को समझ चुकी है। जनता इसका करारा जबाब देने के लिए समय का इंतजार कर रही है। भाजपा की धोखेबाजी और जुमलेवाजी अब नहीं चलने वाली है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुये आरोप लगाया कि सरकार बड़े घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए लगी है जिसके कारण आमजन का खून चूसा जा रहा है। पेट्रोल डीजल महंगा, खाद्य पदार्थ आमजन की पहुंच से बाहर,रोटी,कपड़ा,मकान सब महंगा।यह सब भाजपा सरकार का आमजन के लिए नववर्ष का तोहफा है। उन्होंने कहा कि देश की निर्यात दर, औद्योगिक दर, उत्पाद दर सबमें भारी गिरावट दर्ज की जा रही है।छोटे व्यापारी कारोबार बंद करने पर मजबूर हो चुके हैं।खुदरा बाजार रिकार्ड तोड़ गिरावट पर है।बेरीजगारी चरम पर है लेकिन देश के चार-पांच बड़े घरानों की आमदन 500 गुणा तक बढ़ रही है। यह सरकार की पूंजीवादी नीति को दर्शाता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इन सब विकट परिस्थितियों के खिलाफ जब कांग्रेस प्रदर्शन करती है तो रैलियों पर रोक लगाई जा रही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस तरह की जनविरोधी नीतियों से यह आभास होता है कि भाजपा सरकार देश में तानाशाही व्यवस्था को लागू करना चाहती है। किसानों के लिए भाजपा सरकार एमएसपी सुनिश्चित नहीं करना चाहती बिलों पर संसद में चर्चा नहीं करना चाहती, लखीमपुर पीड़ितों को न्याय नहीं देना चाहती, शहीद किसानों को मुआवजा नहीं देना चाहती लेकिन अडानी-अम्बानी सहित केवल पांच बड़े घरानों को सात लाख करोड़ का राहत पैकेज दे देती है। सरकार का यह कदम साफ दर्शाता है कि भाजपा सरकार बड़े घरानों के चंगुल में है।