उत्तरकाशी। गंगोत्री राजमार्ग पर कोपांग के पास एक यात्रियों से भरा टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस वाहन में चालक समेत 15 लोग सवार थे, जिनमें से 2 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। यह हादसा रात करीब डेढ़ बजे हुआ, जिसकी सूचना पर 35वीं वाहिनी आईटीबीपी ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को हर्षिल अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक, गंगोत्री राजमार्ग पर कोपांग के पास करीब डेढ़ बजे रात्रि टेंपू ट्रेवलर संख्या यूके07पीए-4832 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन हादसे में अलका बोटे (45) निवासी औरंगाबाद व माधवन की मौके पर मौत हो गई, जबकि उमा पाटिल, अरनभ महर्षि, साक्षी सिन्धे, अर्चना सिंधे, अनया महाजन, अनुप्रिया महर्षि, सही पवार, सुभाष सिंह राणा निवासी मानपुर, डॉ वेंकेटेश, वर्षिता पाटिल, आमरा बोटे, रजनीश सेठी, व जितेंद्र सिंह निवासी प्रेमनगर देहरादून घायल हो गए। कोपांग में तैनात 35वीं वाहिनी आईटीबीपी ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को आर्मी हर्षिल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं कुछ यात्रियों को हर्षिल में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल उत्तरकाशी के लिए रेफर किया गया। वाहन में सवार अधिकांश यात्री औरंगाबाद के हैं। ये सभी यात्री टेंपो ट्रैवलर्स पर गंगोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे। टेंपो ट्रैवलर के ड्राइवर ने बताया कि वाहन में ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। सवाल ये भी खड़ा हो रहा कि धामों में रात-रात को यात्री क्यों भेजा जा रहा है। यह घटना रात में हुई है, जिससे सवाल यात्रा व्यवस्था पर खड़ा हो रहा है।