चंडीगढ़। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) का दौरा किया। इस दौरान उन्हें संस्थान के इतिहास, परंपराओं और शैक्षणिक प्रगति के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी थे। मंत्रियों ने अस्पताल में आधुनिक रोगी देखभाल और प्रशिक्षण व अनुसंधान केंद्रों का निरीक्षण किया। बयान के अनुसार साथ ही निर्माणाधीन सुविधाओं के बारे में भी दोनों को जानकारी दी गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पंजाब के संगरूर और फिरोजपुर के अलावा हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में तीन पीजीआई सैटेलाइट सेंटर की प्रगति से भी अवगत कराया गया।
अनिरुद्ध, ईएमएस, 06 दिसंबर 2021