नई दिल्ली। शेयर बाजार में बढ़त के बावजूद अडानी ग्रुप के शेयरों में बुधवार को भी गिरावट देखने को मिल रही है। ग्रुप की दस कंपनियों में से 5 के शेयर लाल निशान पर खुले हैं। इन स्टॉक्स में गिरावट देखी जा रही है। पिछले कुछ दिनों से अडानी ग्रुप के शेयरों में लगातार गिरावट आ रही है। कल भी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई थी। बाजार में गिरावट के साथ ही गौतम अडानी की नेटवर्थ की कम हुई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक अडानी अब दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में दोबारा 22वें नंबर पर लुढ़क गए हैं। अडानी ग्रुप की तीन कंपनियों के स्टॉक्स में बुधवार को भी लोअर सर्किट देखने को मिल रहा है। अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी। पिछले दिनों ग्रुप की कंपनियों के स्टॉक्स में तेजी देखी गई थी। लेकिन अब फिर से शेयर लाल निशान पर पहुंच गए हैं। अडानी पॉवर में भी लोअर सर्किट लगा हुआ है। यह शेयर 5 फीसदी की गिरावट के साथ 194.15 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहा है। यह शेयर सुबह लोअर सर्किट के साथ ही खुला था। अडानी टोटल गैस के शेयरों में भी लोअर सर्किट लगा हुआ है। यह शेयर पांच फीसदी की गिरावट के साथ 899.85 रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। यह स्टॉक भी लोअर सर्किट के साथ ही खुला है।अडानी ट्रांसमिशन के शेयर भी लोअर सर्किट के साथ ही खुले हैं। यह शेयर पांच फीसदी की गिरावट के साथ 857.10 रुपए के लेवल पर कारोबार कर रहे हैं।अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। यह शेयर 14 अंकों के उछाल के साथ 1754 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में भी 2 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है। यह शेयर 723.90 रुपए के लेवल पर कारोबार कर रहे हैं। अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन लिमिटेड के शेयर भी पांच अंकों के उछाल के साथ 659.95 रुपए के स्तर पर कोरोबार कर रहे हैं। अडानी विल्मर के शेयर भी बढ़त के साथ 415.70 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।